रोहित शर्मा ने लगा दी रिकॉर्ड्स की झड़ी, छूटे कई धुरंधर पीछे
रोहित शर्मा देखते ही देखते उन कई दिग्गजों से आगे निकल गए, जिन्हें विश्व क्रिकेट का सिरमौर माना जाता रहा है.
दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ इस विश्वकप के अपने पहले मैच में भारत ने शानदार जीत दर्ज की और इस जीत के हीरो हैं मैन-ऑफ़-द-मैच रोहित शर्मा. शानदार शतक के ज़रिए उन्होंने वापसी की उम्मीद लगाए दक्षिण अफ्रीका के मंसूबों पर पानी फेर दिया और नतीजा ये हुआ कि विश्वकप इतिहास में पहली बार अफ्रीका को लगातार तीन मैचों में हार का मुंह देखना पड़ा.
मैच के बाद कप्तान कोहली ने रोहित शर्मा के शतक को उनकी ज़िंदगी की सर्वश्रेष्ठ पारियों में एक करार दिया. लेकिन, जब रोहित मैदान से नाबाद पवेलियन लौटे तो उन्होंने कई दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया. कई ऐसे रिकॉर्ड्स बना डाले, जिन तक पहुंचना हर खिलाड़ी का सपना होता है.
भारत के सर्वकालिक महानतम कप्तानों में एक सौरभ गांगुली से देखते ही देखते शतकों के मामले में रोहित शर्मा आगे निकल गए. अब भारत की तरफ़ से सबसे ज़्यादा शतक लगाने वालों में वो सिर्फ़ कप्तान कोहली और मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर से ही पीछे हैं. यही नहीं, दुनिया भर में वनडे इतिहास में सबसे ज़्यादा शतक लगाने वाले टॉप-10 खिलाड़ियों की सूची में जिस खिलाड़ी को नया दाख़िला मिला है, वो हैं रोहित शर्मा.
वनडे में सबसे ज़्यादा शतक
खिलाड़ी | देश | मैच | रन | शतक |
सचिन तेंदुलकर | भारत | 463 | 18,426 | 49 |
विराट कोहली | भारत | 228 | 10,861 | 41 |
रिकी पोंटिंग | ऑस्ट्रेलिया | 375 | 13,704 | 30 |
सनत जयसूर्या | श्रीलंका | 445 | 13,430 | 28 |
हाशिम आमला | दक्षिण अफ्रीका | 176 | 7,929 | 27 |
एबी डिविलियर्स | दक्षिण अफ्रीका | 228 | 9,577 | 25 |
क्रिस गेल | वेस्ट इंडीज़ | 290 | 10,201 | 25 |
कुमार संगाकारा | श्रीलंका | 404 | 14,234 | 25 |
रोहित शर्मा | भारत | 207 | 8,132 | 23 |
रोहित शर्मा का ये 23वां एकदिवसीय शतक था. इससे पहले 22 शतक के साथ वो सौरभ गांगुली और श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान के क्लब में शामिल थे. अब उन्होंने इन दोनों धुरंधरों को पीछे छोड़ दिया है. दुनिया में सबसे ज़्यादा शतक बनाने वालों में वो 9वें नंबर पर आ गए हैं. जो खिलाड़ी उनसे आगे हैं उनमें सिर्फ़ तीन ही इस वक़्त क्रिकेट खेल रहे हैं. क्रिस गेल, हाशिम आमला और विराट कोहली. यानी रोहित शर्मा अभी कई और धुरंधरों को पीछे छोड़ सकते हैं. दिलचस्प ये है कि रोहित शर्मा ने पहले ही हर्शल गिब्स, ब्रायन लारा, महेला जयवर्धने, मार्क वॉ और एडम गिलक्रिस्ट जैसे महान बल्लेबाज़ों को एकदिवसीय शतक के मामले में पीछे छोड़ दिया है.
[ये भी पढ़ें: शाकिब अल हसन निकले विव रिचडर्स और कपिल देव से बहुत आगे]
अगर वो तीन शतक और जड़ देते हैं तो कुमार संगाकारा, क्रिस गेल और एबी डिविलियर्स जैसे महान बल्लेबाज़ों से आगे निकल जाएंगे. लेकिन दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ 122* रनों की पारी के दौरान रोहित शर्मा ने तीन और दिलचस्प रिकॉर्ड बनाए.
- अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके अब 12,000 पूरे हो गए हैं. ऐसा करने वाले वो महज 9वें भारतीय हैं.
- बतौर सलामी बल्लेबाज़ उन्होंने 8,000 रन पूरे किए.
- कोहली की कप्तानी में उन्होंने 3,000 रन पूरे किए.
- रोहित के शतक के साथ ही विश्वकप में सबसे ज़्यादा शतक बनाने वाले देशों की सूची में भारत ऑस्ट्रेलिया के बराबर खड़ा हो गया है. इन दो देशों के खिलाड़ियों ने विश्वकप में अब तक 26-26 शतक बनाए हैं.
[ये भी पढ़ें: इन मैचों को कौन भूलेगा?]
रोहित शर्मा दुनिया के इकलौते खिलाड़ी हैं जिन्होंने एकदिवसीय क्रिकेट में तीन बार दोहरा शतक बनाया है. उनके नाम एकदिवसीय क्रिकेट की सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड है. श्रीलंका के ख़िलाफ़ उन्होंने 264 रनों की मैराथन पारी खेली थी. 2013 से लेकर 2018 के बीच भारत की तरफ़ से हर साल एकदिवसीय क्रिकेट की सबसे लंबी पारी खेलने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम दर्ज है. वो दुनिया के इकलौते खिलाड़ी हैं जिन्होंने एकदिवसीय क्रिकेट में 150+ का स्कोर 7 बार बनाया है.
Related Stories
ये रोहित शर्मा का मैच था
IND vs SA LIVE: रोहित शर्मा का शतक, भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 6 विकेट से हराया
ENG vs BAN: पहाड़ जैसे स्कोर से पार नहीं पा सका बांग्लादेश, 106 रनों से जीता इंग्लैंड
IND vs PAK: अजेय भारत ने पाकिस्तान को 89 रनों से हराकर विश्वकप में 7-0 का स्कोर बनाया